पत्नी की हत्या में आरोपी पति हरिकृष्ण को न्यायालय ले जाती पुलिस।
- फोटो : AKBARPUR
शिवली (कानपुर देहात)। पत्नी की गोली मारकर हत्या करने वाले रिटायर्ड बैंक कर्मी पति को पुलिस ने गुरुवार को न्यायालय में पेश किया। वहां न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने घटना के संबंध में हत्यारोपी से रात में पूछताछ की।
शिवली के शंकर नगर निवासी रिटायर्ड बैंक कर्मी हरिकृष्ण त्रिपाठी की बुधवार को बेटे कुलभूषण से कहासुनी हो गई। हरीकृष्ण ने 315 बोर के तमंचे से गोली चला दी। तभी बीच में आई पत्नी रेनू के सीने में गोली जा लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंच गया और तमंचा देकर पुलिस से पत्नी की हत्या करने की बात बताई थी। घटना की खबर पाकर कोतवाली शिवली पुलिस मौके पर पहुंची। रिटायर्ड बैंक कर्मी ने तहरीर देकर अपने खिलाफ ही हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। कमरे की तलाशी में आठ कारतूस और मिले थे। रात में सीओ रामशरण सिंह मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी प्रमोद शुक्ल ने बताया कि हत्यारोपी हरिकृष्ण को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से जेल भेज दिया।
पत्नी की हत्या का नहीं पश्चाताप
पत्नी की गोली मारकर हत्या करने वाले रिटायर्ड बैंक कर्मी हरिकृष्ण त्रिपाठी के चेहरे पर पश्चाताप के भाव नहीं दिखे। पुलिस को हत्यारोपी पति ने बताया कि कई सालों से अपना खाना अलग बनाकर खाता था। पत्नी और बेटे द्वारा अपने साथ बदसलूकी की बात बताई। एसआई लक्ष्मण सिंह ने बताया कि हत्यारोपी को पत्नी की हत्या का कोई गम नहीं है।