घटनास्थल पर व्यापारियों से पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : AKBARPUR
झींझक (कानपुर देहात)। शुक्रवार की देरशाम रूरा से झींझक जा रही प्राइवेट बस को ओवरटेक कर कार सवारों ने रोक लिया। बस मेें सवार दो सराफा व्यापारियों से मारपीट कर नगदी व सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब ढाई लाख रुपये लूट कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की है।
झींझक कस्बा के मालवीय नगर निवासी चुक्खन उर्फ रामकुमार व बड़ा चौराहा निवासी अजय वर्मा सिठमरा में सराफा की दुकान किए हैं। शुक्रवार देर शाम दुकान बंद कर वह प्राइवेट बस में सवार हुए। बस जैसे ही राममनोहर डिग्री कालेज के पास पहुंची। तभी पीछे से आए कार सवारों ने बस को ओवर टेक कर रोक लिया। कार से उतरे पांच युवकों ने बस में चढ़कर दोनों सराफा व्यापारियों से मारपीट शुरू कर दी। व्यापारी चुक्खन ने बताया कि बदमाश उनकी जेब में पड़े 1100 रुपये नगद, पांच ग्राम सोने व 400 ग्राम चांदी के जेवरात ले गए। जबकि अजय वर्मा की जेब में पड़े 2500 रुपये, दस ग्राम सोने व दो किलो चांदी के जेवरात लेकर कार से रूरा की ओर से भाग निकले। डेरापुर सीओ आशा पाल, मंगलपुर थाना प्रभारी व झींझक चौकी इंचार्ज आनंद शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से पूछताछ की। मंगलपुर थाना प्रभारी आमोद कुमार ने बताया कि दोनों सराफा व्यापारियों ने नगदी समेत सोने-चांदी के जेवर लूटने की जानकारी दी है। छानबीन की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। प्राइवेट बस को चौकी में खड़ा कराया गया है।
लूटपाट के दौरान मुंह पर लगाया मास्क
प्राइवेट बस को ओवरटेक कर सराफा व्यापारियों लूटपाट के दौरान पांचों कार सवार मुंह पर मास्क लगाए थे। देर शाम होने से बस में भी ज्यादा सवारियां नहीं थी। व्यापारियों से लूटपाट का कोई विरोध नहीं जता सका। सुनसान इलाके में लूटपाट के बाद कार सवार फरार हो गए। फिलहाल पुलिस बस चालक कन्नौज के ठठिया निवासी अर्जुन सिंह व परिचालक जुरिया निवासी दिनेश से भी पूछताछ कर रही है।