रसूलाबाद (कानपुर देहात)। बुधवार सुबह से लापता युवक का शव गुरुवार को भूसे के कूप में फांसी से लटका मिला। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। युवक की मौत से घर में कोहराम मच गया। युवक की गांव में मिठाई की दुकान है।
थाना क्षेत्र के लालू गांव निवासी लालजी अग्निहोत्री का बेटा शुभम (22) बुधवार की सुबह भाभी को बगिया जाने की बात कहकर गया था। शाम तक उसके न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। रात तक पता नहीं चल सका। गुरुवार की सुबह पिता ने थाने में जाकर तहरीर दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। इधर, ग्रामीणों ने गांव के बाहर भूसे के कूप में किसी के फांसी पर लटकने की जानकारी परिजनों को दी। परिजन वहां पहुंचे और शुभम के रूप में शिनाख्त की। बेटे के फांसी पर लटकता देखकर परिजन सन्न रह गए। पुलिस ने शुभम के शव को फांसी से नीचे उतारा।
वहीं फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। युवक की मौत से मां ममता, भाई अनुज, बंटू, गगन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता ने बताया कि बेटे को कम सुनाई पड़ता था। पिछले एक सप्ताह से वह तनाव में था। थाना प्रभारी शशि भूषण मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना स्थल पर मौजूद परिजन व लोग।- फोटो : AKBARPUR