डेरापुर (कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र से लापता युवक मध्य प्रदेश के जनपद भिंड के थाना आंबा का अपहरण का आरोपी निकला। गुरुवार को भिंड पुलिस ने आरोपी की तलाश में जिगनिस गांव में आवास पर छापामारा तो वहां ताला लटका मिला। परिवारीजन भी लापता मिले। एमपी पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। आरोपी के पिता ने तीन जनवरी को डेरापुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मध्य प्रदेश के जनपद भिंड के आम्बा थाने के उपनिरीक्षक विवेक तोमर ने टीम के साथ अपहरण के आरोपी रोहित की तलाश में उसके पैतृक आवास जिगनिस गांव में दबिश दी। आवास पर ताला लटकता मिला। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि रोहित (20) 17 दिसंबर 2020 को घर से निकला था। कई दिन तलाश करने के बाद उसका कोई पता नहीं चल सका। इस पर तीन जनवरी को पिता दिवाकर ने रोहित के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जानकारी पर एमपी पुलिस सकते में आ गए।
एसआई विवेक तोमर ने बताया कि रोहित अपनी बहन के घर आम्बा मिलने गया था। वहीं से 17 वर्षीय किशोरी को ले गया। पिता ने आम्बा थाने में 22 दिसंबर को रोहित के खिलाफ किशोरी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। चौकी दस्तमपुर प्रभारी पंजाब सिंह ने बताया कि घटना को देखते हुए प्रतीत हो रहा कि आरोपी के पिता ने बचाव के लिए बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। छानबीन की जा रही है।
-