कानपुर देहात। दुष्कर्म कर वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने के मामले में एएसपी का आदेश दबाकर बैठे मंगलपुर इंस्पेक्टर ने एसपी की चेतावनी के बाद रात में ही रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मंगलपुर क्षेत्र निवासी एक युवती ने थाने में सुनवाई न होने पर 21 दिसंबर को एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया था कि करीब डेढ़ साल पहले गांव के रोहित पाल ने उसका मोबाइल नंबर लिया था। पिछले साल सात जुलाई को वह भाई के पास कानपुर जा रही थी। रास्ते में मिले रोहित ने झांसा देकर उसे ट्रक में बैठा लिया और कोल्डड्रिंक मेें नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोश होने के बाद दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बना लिया। शिकायत पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। वह चुप रही, लेकिन आरोपी ने अश्लील वीडियो व फोटो इंटरनेट पर वायरल कर दी। एएसपी ने मंगलपुर थाना प्रभारी को तत्काल अभियोग पंजीकृत करने के आदेश दिए थे, लेकिन तीन दिन बीतने पर रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। बुधवार को मामला संज्ञान में आने पर एसपी केके चौधरी ने मंगलपुर इंस्पेक्टर को चेतावनी दी थी। आनन-फानन बुधवार रात में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। इंस्पेक्टर आमोद कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्जकर तलाश की जा रही है।
देवर पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज
एसपी के आदेश पर मंगलपुर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट व जान से मारने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
मंगलपुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि पति की मौत हो चुकी है और वह पांच वर्षीय पुत्र के साथ अलग मकान में रहती है। आरोप है कि इसी साल मार्च में देवर ने उसे नशीला पदार्थ दे दिया। इसके बाद दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। 21 दिसंबर को देवर के फिर से दुष्कर्म करने पर विरोध किया। इसपर जेठ, जेठानी व देवर की पत्नी ने गालीगलौज करते मारपीट की। एसपी केके चौधरी ने मंगलपुर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया था। मंगलपुर थाना प्रभारी आमोद कुमार सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर देवर के खिलाफ दुष्कर्म व आईटी एक्ट तथा देवरानी व जेठ-जेठानी पर मारपीट कर धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कार्रवाई की जाएगी।