झींझक (कानपुर देहात)। बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर ने शादी से इंकार कर दिया। इस पर रविवार की दोपहर युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। सीएचसी में परिजन एंबुलेंस का इंतजार करते रहे। एंबुलेंस देर से पहुंची इसी दौरान युवती की मौत हो गई।
थाना मंगलपुर क्षेत्र के किशौरा गांव निवासी नंद किशोर ने बहन रूबी (22) की शादी औरैया जिले के थाना दिबियापुर, जम्हुआ गांव निवासी सुंदरम से तय की थी। अभी शादी की तारीख तय नहीं हुई थी। विवाह में एक बाइक देने की बात की थी। लेकिन नंद किशोर ने आर्थिक स्थिति ठीक न होने का तर्क देकर बाइक देने में असमर्थता जताई थी। रविवार को फोन पर बातचीत में रूबी ने होने वाले पति को जानकारी दी। सुंदरम ने शादी करने से इंकार कर दिया। रूबी ने सुंदरम से कहा था कि यदि शादी न की तो वह मर जाएगी। दोपहर में उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई।
नंद किशोर बहन को सीएचसी झींझक ले गया। वहां मौजूद डॉ. वरुण द्विवेदी ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने एंबुलेेंस मंगवाई। परिजन उसे एंबुलेंस पर बैठा रहे थे तभी उसने दम तोड़ दिया। परिजन शव गांव ले गए। सीएचसी से पुलिस को मेमो भेजा गया है। झींझक चौकी प्रभारी आनंद शर्मा ने बताया कि गांव में पुलिस भेजी गई है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एक घंटे देरी से पहुंची एंबुलेंस
मृतका के भाई नंद किशोर ने बताया कि सीएचसी से रेफर किए जाने पर 108 एंबुलेंस मंगवाई। एंबुलेंस देरी से आई। इससे बहन की हालत और बिगड़ गई। डॉक्टर वरुण द्विवेदी ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद युवती की हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे दस मिनट बाद रेफर कर दिया था। परिजनों ने 1.25 बजे एंबुलेेंस कॉल की, जबकि, एंबुलेंस एक घंटे बाद सीएचसी पहुंची।