रसूलाबाद (कानपुर देहात)। कस्बे के गहिलू बक्सहा मोड़ पर ढ़ाई माह पूर्व हुई युवती से लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया जबकि, दूसरा आरोपी फरार है। पकड़े गए आरोपी ने पुलिस ने लूट गए 1050 रुपये व युवती का आधार कार्ड बरामद किया है।
भैसायां निवासी शिल्पी देवी 23 सितंबर को रसूलाबाद गई थी। वहां उसने एक सुनार के यहां सोने की जंजीर गिरवी रखी और 13 हजार रुपये लेकर वापस आ रही थी। गहिलू बक्सहा मोड़ पर बाइक सवार दो बदमाशों ने शिल्पी का पर्स लूट कर भाग गए थे। शिल्पी ने गांव निवासी लुटेरे को पहचान लिया था। नामजद तहरीर देने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। शिल्पी ने कोर्ट के आदेश पर भैसायां निवासी ओमजी व उसके बहनोई औरैया के अंडा अघारा गांव निवासी किशोर पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दरोगा हासिक खान और उमेश शर्मा ने मंगलवार को भैसायां गांव के बाहर पीपल के पेड़ के पास से ओमजी को पकड़ लिया। लुटेरे की निशानदेही पर लूटा गया पर्स, 1050 रुपये व आधार कार्ड बरामद हुआ। प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण मिश्र ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने बहनोई के साथ वारदात करने की बात कबूली है। पूछताछ में बताया कि लूटे गए रुपये आपस में बांट लिए थे। आधार कार्ड को गांव में ही एक दीवार के पास छिपा दिया था। कोर्ट में पेश कर आरोपी को जेल भेजा गया है। फरार दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।