रूरा (कानपुर देहात)। जमीन के विवाद में एक किशोरी की हत्या कर उसके टुकड़े कर दिए गए। शनिवार को खेत में मिले कंकाल के पास कपड़ों से एक व्यक्ति ने अपनी लापता बेटी के रूप में पहचान की। आरोप है कि लापता बेटी की हत्या कर शव के टुकड़े कर इधर-उधर फेंक दिए गए। यह वारदात रूरा के गहोलिया गांव में हुई। एसओ विद्यासागर सिंह ने बताया कि अस्थिपंजर करीब एक मीटर के दायरे में बिखरा था। मामले में पुलिस मृतका के दो ताऊ को हिरासत में लिया है। पुलिस अपहरण में दर्ज मुकदमे को हत्या में तरमीम कर छानबीन कर रही है। मौके पर पहुंचे एसपी और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की
कस्बे के गहोलिया गांव निवासी अनुसूचित जाति के ओमप्रकाश की बेटी लक्ष्मी (15) 26 सितंबर की सुबह खेत गई थी। इसके बाद घर नहीं लौटी। पिता ने 27 सितंबर को अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इधर, शनिवार सुबह बच्चों ने खेत में कुर्ता व लेगी (पायजामी) व कुछ दूरी पर कंकाल पड़ा देखकर परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे ओमप्रकाश ने कपड़ों के आधार पर अपनी बेटी के रूप में पहचान की। जानकारी लगते ही मां माया देवी व भाई महेंद्र पहुंचे और रोने बिलखने लगे।
परिजनों ने एसपी केशव कुमार चौधरी को बताया कि भाइयों से जमीन को लेकर पुरानी रंजिश है। मृतका के पिता ने बड़े दो भाइयों पर बेटी की रंजिश में हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने आरोपी ताऊ बृजलाल और सियालाल को हिरासत में ले लिया। फोरेंसिक टीम ने मृतका का कंकाल व कपड़े सील कर पोस्टमार्टम हाउस भेजा।
एसपी केके चौधरी ने बताया कि किशोरी का कंकाल मिलने के मामले में भाइयों में जमीन को लेकर रंजिश की बात सामने आई है। मृतका के पिता ने अपने बड़े भाइयों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। अपहरण में दर्ज रिपोर्ट को हत्या में तरमीम कर आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। गहराई से छानबीन के साथ आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आलाकत्ल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। विवेचना में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सगे भाइयों से थी रंजिश
गहोलिया गांव के ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि पिता फुंदीलाल की देखरेख पत्नी मायादेवी करती थी। इस पर खुश होकर पिता ने बहू माया देवी के नाम दो बीघे जमीन कर दी थी। इसकी रंजिश बड़े भाई बृजलाल और सियालाल मानते थे। बाद में पिता की मौत हो गई। कई बार इसी जमीन को लेकर भाइयों ने विवाद किया। बोलचाल तक बंद हो गई थी। बड़े भाई उसकी पत्नी को दो बीघा मिली जमीन की रंजिश अर्से से पाले थे। आरोप लगाया कि इसी रंजिश में उन्होंने बेटी की हत्या कर दी।