सरवनखेड़ा (कानपुर देहात)। गुरुवार को गजनेर क्षेत्र के भइथाना गांव जाने वाले मार्ग पर पैदल घर की ओर जा रही एक महिला का मंगलसूत्र छीनकर स्कूटी सवार भाग निकले। तभी गांव के दो युवकों ने पीछाकर स्कूटी सवार महिला व पुरुष को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
भइथाना गांव निवासी उमेश सिंह और पत्नी सुधा सिंह पनकी, कानपुर में रहते हैं। गुरुवार को घर में श्राद्ध का कार्यक्रम होने से वह गांव आ रही थी। ऑटो से एक डिग्री कालेज के सामने उतरकर पैदल गांव की ओर जा रही थी। तभी सुनसान जगह में एक स्कूटी सवार महिला तेज रफ्तार में आकर रुकी। स्कूटी पर पीछे बैठे पुरुष ने किसी युवक के बारे में पूछताछ कर बातों में उलझा लिया। इसी दौरान पुरुष ने उसके गले से मंगलसूत्र को झपट्टा मारकर छीन लिया और भाग निकले।
शोर मचाने पर गांव की तरफ से आ रहे बाइक सवार शैलेंद्र व अमर सिंह ने स्कूटी सवारों का पीछा किया और गजनेर लकड़मंडी तिराहे पर पकड़ लिया। सूचना गजनेर पुलिस को दी। पुलिस दोनों को थाने ले गई। पूछताछ में दोनों ने अपने को पति-पत्नी व क्षेत्र में मोबाइल चार्जर बेचने की बात बताई है। पामा चौकी इंचार्ज कपिल दुबे ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।