राजपुर (कानपुर देहात)। क्षेत्र के क्योटरा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को घर के अंदर बने कच्चे कमरे की छत के कुंडे से साड़ी के फंदे से नीचे उतारा। एक दिन पहले वह भाई के साथ मायके से ससुराल आई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने महिला की हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
औरैया जिले के जौरा गांव निवासी बाल किशन ने पुलिस को बताया कि बेटी सोनी देवी (25) की शादी मार्च 2019 में सट्टी थाना क्षेत्र के क्वोटरा गांव के अनिल कुमार से की थी। शादी के बाद से पति ट्रैक्टर खरीदने के लिए 6 लाख की मांग करने लगा। मांग पूरी न होने से बेटी से मारपीट करता था। आठ अगस्त को अनिल ने बेटी को मारपीट कर मायके भेज दिया।
शुक्रवार को सोनी देवी अपने बड़े भाई सतीश के साथ ससुराल आई थी। रविवार को सोनी के पड़ोसियों ने फोन पर बेटी की मौत की सूचना दी। इधर, जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला का शव फंदे से नीचे उतारा। सास कुषमा देवी ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह पति-पत्नी खेत पर मजदूरी करने गए थे। सोनी का शव फंदे पर लटका मिला।
घटना के बाद पति मौके से फरार हो गया। जानकारी के बाद मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बेटी की हत्या कर शव कुंडे में लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी धमेंद्र मलिक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।