पुलिस गिरफ्त में चोरी के आरोपी व बरामद बाइक।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर कस्बे में ब्लाक रोड स्थित खाद दुकान, अशोक नगर में जनरल स्टोर और आंबेडकर नगर में एक घर से दो मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिरों को पुलिस ने दबोचा है। इनके पास से चुराए गए 42 सौ रुपये, एक मोबाइल व कानपुर से चोरी की गई बाइक बरामद हुई है। दोनों ने पूछताछ में चोरी की वारदातें कबूल की। अब पुलिस को सरगना की तलाश है।
अकबरपुर क्षेत्र में चोरी की वारदातें बढ़ने पर कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने पुलिस की कई टीमों को लगाया था। कस्बा चौकी इंचार्ज अनुराग पांडेय ने कांस्टेबल बृजेश व रामसजीवन के साथ मुखबिर की सूचना पर शनिवार सुबह 11:15 बजे कचनार बगिया मोड़ के पास से बाइक सवार दो युवकों को पकड़ा। दोनों ने अपने नाम केशीकुटरा, बरौर निवासी जुनैद अख्तर और नयागंज, अकबरपुर निवासी अभिषेक बताए। बाइक के कागजात न होने पर सख्ती की तो उन्होंने कानपुर से बाइक चोरी करने की बात कबूल की। इसके साथ ही 14 अगस्त की रात ब्लाक रोड पर तेजबहादुर की खाद दुकान और 4 सितंबर को अशोक नगर में मुन्ना लाल की जनरल स्टोर से चोरी करना स्वीकारा।
वहीं 5 सितंबर को आंबेडकर नगर में लक्ष्मी नारायण के घर से दो मोबाइल पार करना कबूला। पूछताछ में दोनों ने बताया कि चोरी की सभी वारदातें उन्होंने अशोक नगर, अकबरपुर निवासी शिवम उर्फ चंपू के साथ ही। शिवम ही गिरोह का सरगना है। वहीं सारे रुपये अपने पास रखता है। उसने दोनों चोरियों में आठ-आठ हजार रुपये उन्हें दिए थे। चौकी इंचार्ज ने बताया कि सभी घटनाओं की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज की गई थी। माल बरामदगी कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से दोनों को जेल भेजा गया है। फरार सरगना शिवम उर्फ चंपू की तलाश की जा रही है।