कानपुर। स्पार्क चंद्रा प्रीमियर लीग में शुक्रवार को पहले मैच में क्रिकेट-आई स्ट्राइक जोन ने जेएमडी इलेवन को नौ विकेट से मात दी। दूसरे में आरवीएस क्रिकेट एकेडमी ने बीपीएमजी ब्लास्टर को 71 रन से हराया। तीसरे में रॉयल किंग क्लब ने स्पार्क इंटरनेशनल को तीन विकेट से पराजित किया।
केसीए से मान्य और चंद्रा क्रिकेट अकादमी की ओर से आयोजित लीग में शुक्रवार को मंटोरा ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में जेएमडी इलेवन 40 ओवर में 84 रन पर सिमट गई। निष्कर्ष शर्मा ने 24 और आर्यन यादव ने 22 रन बनाए। गेंदबाजी में रेहान आलम ने छह विकेट झटके। जवाब में क्रिकेट-आईटी स्ट्राइक जोन ने शुभम के नाबाद 51 और रेहान आलम के 20 रन की बदौलत 14.3 ओवर में एक विकेट खोकर जीत हासिल की। अमन पाल ने एक विकेट झटका। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए रेहान आलम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
चंद्रा क्रिकेट अकादमी मैदान पर हुए दूसरे मैच में आरवीएस क्रिकेट अकादमी ने 35 ओवर में चार विकेट पर 239 का स्कोर बनाया। सुयश सिंह ने शतक और आयुष कुमार प्रजापति ने 35 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में शासन और कुबेर को एक-एक विकेट मिले। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीपीएमजी ब्लास्टर की टीम 33.4 ओवर में 168 रन पर सिमट गई। अभिजीत ने 77 और साद ने 22 रन बनाए। मो. जैद ने तीन व आशीष ने दो विकेट लिए। सुयश सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
राहुल शपु मैदान पर खेले गए तीसरे मैच मेंस्पार्क इंटरनेशनल ने कृष्णा यादव के 58 और सुरेश गर्ग के 51 रन की मदद से 40 ओवर में नौ विकेट पर 218 का स्कोर बनाया। युवराज सिंह ने चार और सुमित यादव ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल किंग क्लब ने सौमित्र सिंह के 68 और आयुष यादव के 61 रन की बदौलत 36.3 ओवर में विजय हासिल की। कप्तान सिद्धार्थ सेठ ने पांच और दुष्यंत ने दो विकेट चटकाए। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए युवराज सिंह चौहान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।