रनियां। नियम से इतर ठेका बांटने और विकास कार्याें में अनदेखी के आरोप लगाकर ईओ को हटाने पर सभासद अड़ गए हैं। दो चक्र में जिला स्तरीय अधिकारी सभासदों से वार्ता कर चुके हैं, लेकिन ईओ को हटाने से कम पर सभासद सहमत नहीं है।
रनियां नगर पंचायत में पिछले काफी दिनों से सभासदों व ईओ के बीच तनातनी चल रही है। अपेक्षा व मननानी तरीके से विकाय कार्य कराने का ईओ पर आरोप लगाकर सभासद सोमवार को अनिश्चित कालीन धरने पर बैठ गए। सभासदों का कहना है कि ईओ हटाए और रनियां नगर पंचायत को बचाएं। सभासद विशाल सिंह सेंगर ने आरोप लगाया कि ईओ अभद्र व्यवहार करते हैं। वार्डाें की समस्याएं बताने पर नजर अंदाज कर देते हैं।
ई-टेंडरिंग में पारदर्शिता नहीं है, चहेते ठेकेदारों को ही काम दिया जा रहा है। धरने के लिए परिसर में टेंट लगाना चाहते थे मगर ईओ ने लगने नहीं दिया। कड़ाके की सर्दी में खुले आसमान के नीचे दिन में बैठाना मजबूरी है। रात में सभासद बरामदे में बैठ जाते है। बता दें कि अब तक सभासदों से एडीएम/न्यायिक मजिस्ट्रेट दिग्विजय सिंह, एसडीएम सदर नीलिमा यादव वार्ता कर चुकी हैं।
मंगलवार शाम को भी न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दोबारा सभासदों से वार्ता कर हालचाल लिया। अन्य उच्चाधिकारियों की ओर से भी सभासदों से जानकारी ली गई है। धरने पर सचिन शर्मा, कुलदीप चौहान, युवराज सिंह, वरुण सिंह, आदित्य बाजपेई आदि सभासद बैठे रहे। एसडीएम नीलिमा यादव ने बताया कि सभासदों से वार्ता की गई थी। उनकी जो भी शिकायत है, उस पर जांच कराने की बात कही गई थी, लेकिन वह नहीं माने। एक बार फिर से वार्ता की जाएगी।