कोरोना से बुधवार को किसी मरीज की मौत नहीं हुई। 36 नए संक्रमित मिले। इस महीने संक्रमितों की संख्या घट रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक नवंबर के पहले पखवाड़े की तुलना में दिसंबर के पहले पखवाड़े में 186 संक्रमित कम मिले हैं। लेकिन अभी जो मरीज अस्पतालों में पहुंच रहे हैं, उनका संक्रमण लेवल अधिक है।
अब तक कुल 803 मौतें हुई हैं। कुल संक्रमित 31638 और इनमें से 30129 लोग अस्पतालों और होम आइसोलेशन में ठीक हो चुके हैं। एक्टिव केस 706 हैं। नवंबर के पहले पखवाड़े में 20 मौतें हुई थीं और 1043 संक्रमित मिले थे। जबकि दिसंबर के 15 दिनों में 20 मौतें और 857 संक्रमित मिले।
वहीं, नवंबर के दूसरे पखवाड़े में 25 मौतों के साथ 1645 संक्रमित मिले थे। 16 दिसंबर को मिले संक्रमिताें में शिवकटरा, कल्याणपुर, किदवई नगर, इंद्रा नगर, पनकी, गोपाल नगर, विजय नगर, जूही, चकेेरी, रतनलाल नगर आदि क्षेत्रों के रहने वाले हैं। उधर, 60 और मरीजों ने कोरोना से जंग जीत ली।
दो रोगी अस्पतालों तथा 58 संक्रमित होम आइसोलेशन में ठीक हुए। अब तक अस्पतालों में 8236 और होम आइसोलेशन में 21893 मरीज ठीक हुए हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 4722 संदिग्धों के सैंपल लिए। इनमें पांच सौ सैंपल विशेष सर्विलांस अभियान तथा 4222 सैंपल रूटीन में लिए गए। इनमें निजी पैथोलॉजी के सैंपल भी शामिल हैं।