बेटी ने बुजुर्ग मां-बाप को घर से निकाला
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना का ऐसा खौफ है कि अब बाहर से आने वाले रिश्तेदार, यहां तक कि माता-पिता भी शक की निगाहों से देखे जा रहे हैं। ऐसा ही एक दुखद मामला औरैया जिले से सामने आया है। जिसमे एक बेटी ने अपने बुजुर्ग माता-पिता, भाई और भाभी को वापस दिल्ली स्थित अपने घर जाने के लिए कह दिया। लॉकडाउन के कारण बुजुर्ग दर-दर भटकते रहे। आखिरकार मंधना स्थित एक घर में उन्हें आसरा मिला।
मूल रूप से कानपुर के चौबेपुर में रहने वाले राजेंद्र (65) यहां की संपत्ति बेचकर लंबे समय से परिवार समेत दिल्ली के बदरपुर इलाके में किराए पर रह रहे हैं। बेटा जितेंद्र कुमार डीटीसी बस में संविदा पर चालक है। जितेंद्र ने बताया कि गत पांच मार्च को वह पिता, माता शिवसखी (60), पत्नी अंजलि और भांजे के साथ औरैया में रहने वाली बहन दीपमाला के घर गया था।
यहां वे लोग कई दिन रुके इस बीच लॉकडाउन हो गया। सोमवार को बहन दीपमाला ने भी कोरोना के भय के कारण सभी से जाने को कह दिया। किसी तरह सभी लोग मंगलवार को मंधना पहुंचे। यहां पर ये लोग पूर्व में किराए पर रह चुके थे। मकान मालकिन ने कमरा खाली ना होने का हवाला दिया। बहुत प्रार्थना करने पर छत पर आसरा दिया।