कानपुर में कोरोना से पांच और मरीजों की मृत्यु से इस संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 200 हो गई है। 249 नए केस सामने आने के साथ ही कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 5166 हो गई है।
लॉक डाउन में ढील के बाद से ही कोरोना का संक्रमण और इससे होने वालों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है।
शुक्रवार को कोरोना संक्रमण से जिन पांच मरीजों की मौत हुई, उनमें आनंदपुरी निवासी 61 वर्षीय वृद्ध को निमोनिया, सेप्सिस, लिवर की बीमारी भी थी। इसी तरह साकेत नगर निवासी 90 वर्षीय वृद्ध को सेप्सिस, निमोनिया, सीताराम मोहाल निवासी 62 वर्षीय पुरुष को सेप्टीसीमिया, शॉक, नवाबगंज की 68 वर्षीय महिला को निमोनिया, सेप्टीसीमिया, मसवानपुर निवासी 62 वर्षीय वृद्ध को टाइप-2 डायबिटीज, हाइपरटेंशन, एआरडीएस हुआ था। इन चारों की मौत हैलट में हुई, जबकि पांचवां मरीज कांशीराम अस्पताल में भर्ती था। बीते 24 घंटे में 249 और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।
कोरोना (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : ANI
इन मोहल्लों में मिले कोरोना मरीज
जूही, विकास नगर, गुजैनी, शक्ति नगर, तिलक नगर, आनंदपुरी, बंगाली मोहाल, गोविंद नगर, सत्यम विहार, जाजमऊ, स्वरूप नगर, किदवई नगर, मसवानपुर, मीरपुर कैंट, नवाबगंज, पीरोड, रावतपुर, श्याम नगर, शिवकटरा, विष्णुपुरी, साकेत नगर, पशुपति नगर, बाबूपुरवा, गांधी नगर, हर्ष नगर, अशोक नगर, लाजपत नगर, काकादेव, ग्वालटोली आदि।
2494 सैंपल लिए
सीएमओ डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को कोरोना जांच के लिए 2494 सैंपल लिए गए। इनमें से 1828 एंटीजन सैंपलों की जांच में 135 की रिपोर्ट पाजिटिव आई। आरटीपीसीआर से 439, ट्रूूनॉट एवं सीवी नॉट मशीन से 227 मरीजों की जांच हुई। विशेष सर्विलॉस अभियान के तहत शहरी क्षेत्र में 862 टीमों ने 272978 घरों का सर्वे किया, जिसमें से कोरोना जैसे लक्षणों वाले 240 लोगों को चिन्हित किया गया। 214 लोगों की जांच के लिए नमूने लिए गए।
51 ने जीती कोरोना से जंग
शुक्रवार को 51 मरीजों ने कोरोना से जंग जीती। इन सभी की अस्पताल से छुट्टी कर दी गई। डिस्चार्ज होने वाले मरीजों में हैलट के 6, रामा मेडिकल कालेज के 19, ईएसआई जाजमऊ के 4, जीटीबी के 5, कांशीराम चिकित्सालय के 11, नारायणा हॉस्पिटल के 6 मरीज शामिल हैं।