फर्रुखाबाद जिले के नवाबगंज में रुपये के लेनदेन के विवाद में दबंगों ने घर में घुसकर एक महिला को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। बचाने आए उसके पति को घायल कर दिया। महिला की ननद ने गांव के ही छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना क्षेत्र के गांव नगला चंदन निवासी रघुनंदन उर्फ पप्पू ने गांव के ही मान सिंह से 20 हजार रुपये उधार लिए थे।
उसके हिसाब को लेकर दोनों में कई माह से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों में कई बार मारपीट हो चुकी है। पुलिस से शिकायत भी हुई, पर पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया। गुरुवार देर शाम फिर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। तभी मान सिंह अपने पांच साथियों के साथ रघुनंदन के घर में घुस गया। वहां रघुनंदन की पत्नी सुधा देवी (35) रोटी बना रही थी।