उन्नाव में एक और कोरोना पॉजिटिव
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव जिले में गंजमुरादाबाद कोतवाली के गांव ब्योली इस्लामाबाद निवासी युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली है। वह लखनऊ के फैजाबाद रोड चिनहट के पास स्थित एक हॉस्पिटल में सफाईकर्मी है। गुरुवार को वह घर आया था।
इस हॉस्पिटल की दो नर्सों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद रात को स्वास्थ्य टीम ने उसे एंबुलेंस से सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। शनिवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे लखनऊ के बीकेटी स्थिति रामसागर अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि युवक को लखनऊ के रामसागर अस्पताल भेजा जा रहा है। गांव में भी स्वास्थ्य टीम भेजी जा रही है। उन्नाव में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या चार हो गई है।