आठ जमातियों को अस्थाई जेल में किया गया शिफ्ट
- फोटो : amar ujala
कानपुर में लगातार दूसरी बार कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने पर आठ जमातियों को अस्थाई जेल में शिफ्ट किया गया है। दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज के तब्लीगी जमात में शामिल आठ विदेशी जमातियों को मंगलवार की देर रात रौतापुर ग्राम पंचायत स्थित विद्या भवन इंजीनियरिंग कॉलेज में बनी अस्थाई जेल में शिफ्ट किए जाने के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क है।
इन जमातियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। कॉलेज में बने अस्थाई जेल में जमातियों को रखे जाने से स्थानीय लोगों में दहशत बनी है। मंगलवार को क्वारंटीन की अवधि पूरी होने के पश्चात सभी आठ विदेशी जमातियों को देर रात पुलिस अभिरक्षा में एसडीएम बिल्हौर साईं तेजा, तहसीलदार अविनाश कुमार की मौजूदगी में शिफ्ट कराया गया था।
इन तब्लीगी जमातियों में ईरान के इब्राहीम फौलादी, अब्दुल रहीम मजदनी, यूनुस रेगी सहित अफगानिस्तान के महमूद शाह हसैनी, शब्बीर अब्दुल करीम, जरीन जायजान मोहम्मद ,जरीन जाए जान मोहम्मद बारात रहमतुल्लाह व ब्रिटेन के दाउद अयूब स्माइल शामिल हैं।
कोई भी जमाती जेल से फरार न होने पाए, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद किए जाने के अलावा पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से इन पर नजर रखी जा रही है। थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि सभी जमातियों को कॉलेज के बड़े कक्ष में रखा गया है। अस्थाई जेल के अंदर व बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।