कानपुर देहात के रहने वाले तीन लोगों ने लॉकडाउन के दौरान पंजाब से कानपुर देहात तक का सफर एंबुलेंस में छिपकर तय किया। घर वापसी के लिए दंपती समेत तीन लोगों ने पंजाब के पटियाला के सवाना से उधार 19 हजार रुपये लेकर निजी एंबुलेंस कर कानपुर देहात पहुंचे।
बुधवार शाम वह डेरापुर के महोई गांव पहुंचे। यहां पहुंची स्वास्थ्य विभाग टीम ने परीक्षण के बाद एक युवक को जिला अस्पताल में क्वारंटीन किया है। जबकि, दंपती को होम क्वारंटीन किया गया है। डेरापुर के महोई गांव निवासी राजकुमार ने बताया कि धागा फैक्टरी में काम करता था। उसके साथ बड़ा भाई कैलाश व भाभी अंजना भी थी।
फैक्टरी परिसर में तीनों रहते थे। घर लौटने के लिए कोई वाहन नहीं मिला तो फैक्टरी मैनेजर बाजवा से 19 हजार रुपये उधार लिए। वह निजी एंबुलेंस कर बुधवार शाम घर आ गए। किसी ने कंट्रोल रूम को सूचना कर दी। सर्दी-जुकाम व बुखार के लक्षण पर जिला अस्पताल के क्वारंटीन सेंटर भेज दिया। भाई व भाभी को होम क्वारंटीन किया है।