फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus: कोरोना संक्रमित कर्मियों से कराई ड्यूटी, जोखिम में डाली सैकड़ों की जान

Wed, 14 Apr 2021 01:53 AM IST
प्रभापुंज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
कोरोना वायरस - फोटो : ANI
विज्ञापन

कानपुर के पतारा ब्लॉक में कोरोना संक्रमित छह कर्मचारियों से चुनाव ड्यूटी कराई गई। इससे सैकड़ों अन्य कर्मचारियों की जान जोखिम में डाल दी गई। किसी कर्मचारी ने दो दिन काम किया तो किसी ने चार दिन। एआरओ एके सिंह ने तो मंगलवार तक काम किया।

विज्ञापन


हैरत वाली बात है कि कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित होने की सूचना निर्वाचन कार्य के लिए बने व्हाट्सएप ग्रुप में भी डाली गई। जिले के आला अफसरों तक भी यह बात पहुंची, लेकिन किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। मामला खुलने पर अफसर सूचना न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं।

कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए अन्य कर्मचारियों की कांटेक्ट ट्रेसिंग तक नहीं कराई गई। पतारा ब्लाक में पंचायत चुनाव में लगे सुमित डंग, राजेंद्र प्रसाद, राघवेंद्र सेन, जसवंत सिंह, जगभान सिंह, उमाशंकर यादव को 11 अप्रैल को कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
विज्ञापन


इन्होंने इसकी जानकारी निर्वाचन अधिकारी को भी दी, लेकिन उनके कार्यालय आने या न आने के संबंध में कोई निर्देश नहीं दिया गया। उन्हें चुनावी कार्य अलग से सौंप दिया गया। संक्रमित होने के बाद भी वे कार्यालय पहुंचे। उमाशंकर यादव और जगभान को पतारा ब्लॉक में और रामजी लाल दिवाकर को ककवन ब्लॉक बुलाया गया।

विज्ञापन

नलकूप विभाग के अधिशासी अभियंता एके सिंह पतारा ब्लॉक के एआरओ हैं। वे खुद संक्रमित हैं और दो दिन से चुनावी ड्यूटी कर रहे हैं। इन्होंने तो जिलाधिकारी को लिखकर भी भेजा है। इनकी ड्यूटी अभी कटी नहीं है न ही इन्हें होम आइसोलेशन में भेजा गया है। न ही इनके संपर्क में आए लोगों की जांच हुई है।

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने जताया विरोध 
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद कानपुर नगर के अध्यक्ष राजाभरत अवस्थी ने प्रशासन के इस रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने पत्र के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराया कि ब्लॉक के कर्मचारी संक्रमित हैं और उनसे चुनावी ड्यूटी कराई जा रही है। 

जो कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिले हैं, उन्हें ड्यूटी पर आने से मना कर दिया गया है। सभी को होम आइसोलेट होने की सलाह दी है। किन्हीं कारणों से चूक हुई होगी। कांटेक्ट ट्रेसिंग कराई जाएगी, जो कोरोना संक्रमित हैं, वे कार्यालय को सूचना देकर घर पर ही रहें।
महेंद्र कुमार, सीडीओ 

प्रकरण संज्ञान में नहीं है। ऐसा हुआ है तो खतरनाक है। एडीएम वित्त को इस प्रकरण की जांच सौंपता हूं कि वे यथास्थिति पता कर बताएं और संक्रमित कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी से दूर रखें। 
आलोक तिवारी, जिलाधिकारी     

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें