कानपुर में निजी क्षेत्र के सिविल लाइंस स्थित लीलामणि हॉस्पिटल में कोरोना रोगियों का इलाज किया जाएगा। जल्दी ही और नर्सिंगहोम भी इस संबंध में अपनी सहमति दे सकते हैं। डीएम डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी के साथ नर्सिंगहोम और आईएमए पदाधिकारियों की बैठक में इस संबंध मेें निर्णय लिया गया है।
कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर निजी अस्पतालों में कोविड का इलाज शुरू किया जा रहा है जहां रोगियों को शुल्क अदा करना पड़ेगा। कानपुर नर्सिंगहोम एसोसिएशन के अध्यक्ष और लीलामणि के प्रबंध निदेशक डॉ. एमके सरावगी ने बताया कि जल्द ही वह अपने अस्पताल को कोविड हॉस्पिटल में तब्दील कर देंगे।
जो रोगी भर्ती हैं उन्हें डिस्चार्ज किया जा रहा है। रोगियों से जायज शुल्क लिया जाएगा। रेट लिस्ट अभी फाइनल कर लेंगे। यहां कोविड के अलावा दूसरे रोगियों का इलाज नहीं करेंगे। बैठक में नर्सिंगहोम के संचालक कोरोनाका इलाज करने में सकुचा रहे थे।
इस पर डीएम ने कहा कि राजी न होने पर प्रशासन अपनी शक्तियों का प्रयोग करने पर बाध्य हो सकता है। बाद में डॉ. सरावगी तैयार हो गए। सीएमओ डॉ. अशोक शुक्ला, आईएमए अध्यक्ष डॉ. रीता मित्तल, डॉ. अवध दुबे, डॉ. अर्चना भदौरिया, डॉ. दीपक अग्रवाल, डॉ. एसी अग्रवाल आदि मौजूद रहे।