राजपुर (कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के सिलहरा गांव में कोरोना संक्रमित महिला की मौत होने पर पति पर हत्या का आरोप लगाकर शव के पास मायके पक्ष के लोगों ने शुक्रवार को घंटों हंगामा किया था। कोरोना संक्रमण का खतरा होने पर शनिवार को पुलिस ने आठ नामजद व 30 अज्ञात पर आचार संहिता उल्लंघन व कोरोना महामारी अधिनियम की रिपोर्ट दर्ज की है।
सिलहरा गांव की रहने वाला एक युवक 17 अप्रैल को अपनी पत्नी व 11 माह के बेटे को लेकर दिल्ली गया था। युवक दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में नौकरी करता है। दो दिनों बाद पत्नी को तेज बुखार आने पर हालत बिगड़ गई। नोएडा के निजी अस्पताल में पत्नी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। बुधवार रात समय से उपचार न मिलने से 23 वर्षीय पत्नी की मौत हो गई।
गुरुवार को पत्नी का शव लेकर गांव पहुंचा। यहां रूरा थाना क्षेत्र के टिडवा गांव मायके से पिता-मां व भाई व अन्य 30 लोग सिलहरा पहुंचे। दामाद पर बेटी की हत्या का आरोप लगाकर पूरी रात हंगामा किया। मायके पक्ष के लोगों का आरोप था कि बेटी की दिल्ली में हत्या कर शव को कोरोना संक्रमित बताया जा रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाए।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। एसडीएम रमेशचंद्र यादव के निर्देश पर रात बजे राजपुर पीएचसी से टीम गांव पहुंची और मृत महिला के पति देवर व कार चालक सहित 11 माह के बेटे की कोरोना जांच की गई। जांच में मासूम और कार चालक कोरोना संक्रमित मिले। इसके बाद मायके पक्ष के लोग खिसक गए। पुलिस की मौजूदगी में महिला का अंतिम संस्कार कर खेत में किया गया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमित शव के पास हंगामा करने पर मृतक महिला के पिता रुरा थाना के टिडवा निवासी उजयारे लाल उसकी पत्नी व उसके पुत्र ब्रजेश, लल्लू, बल्लू, बउआ व बल्लू व ब्रजेश की पत्नियों व 30 अन्य महिला पुरुष रिश्तेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।