जिला अस्पताल में लाभार्थी को टीका लगाती वैक्सीनेटर।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिले में कोरोना संक्रमित एक और बुजुर्ग की मौत हो गई। जिला अस्पताल के पैथालॉजिस्ट व अमरौधा के एआरओ सहित 58 और कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया। संक्रमितों को कोविड अस्पताल सहित होम आइसोलेट किया गया है।
बुधवार रात कानपुर के कांशीराम अस्पताल में राजपुर सिकंदरा के एक 70 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। गुरुवार को कोविड नियमों के तहत अंतिम संस्कार कर दिया गया। गुरुवार को रिकार्ड 58 कोरोना संक्रमित निकले। सीएमओ डॉ. राजेश कटियार ने बताया कि कानपुर से आई आरटीपीसीआर रिपोर्ट में 46, एंटीजन किट जांच में 12 संक्रमित निकले। जिला अस्पताल के सीएमएस व अमरौधा के एआरओ कोरोना पॉजिटिव निकले। अमरौधा व अकबरपुर में 11-11, झींझक में चार, राजपुर में आठ सहित अन्य जगहों के संक्रमित शामिल हैं।
जिले में एक्टिव केसों की संख्या 265 हो गई है। गुरुवार को दो हायर सेंटर रेफर किया गया है। एल-1 में एक मरीज भर्ती हैं। कोरोना से 34 लोगों की जान जा चुकी है। कोरोना से 1820 लोग ठीक हो चुकी है। संक्रमित के संपर्क में आए लोगों को चिह्नित कर जांच के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित क्षेत्र को सील कर हाटस्पाट घोषित किया गया है।
पुलिस ने लोगों को किया जागरूक
रसूलाबाद। कानपुर नगर की सीमा से सटे औरंगपुर गहदेवा, अंता, गुंदैला आदि गांवों में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण मिश्रा ने पुलिस बल के साथ गश्त किया। इस दौरान ग्रामीणों को कोरोना नियमों की जानकारी के साथ जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि अनावश्यक घर से बाहर न निकले। जरूरत पड़ने पर मास्क लगाकर घर से निकले। (संवाद)