कानपुर। बीसीसीआई की कूच विहार ट्रॉफी में रविवार को उत्तर प्रदेश की टीम ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ टीम की पहली पारी 180 रन पर समेट दी। वहीं यूपी टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 11 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 41 रन बना लिए। यूपी अभी 139 रन पीछे है लेकिन टीम का लक्ष्य पहली पारी में बढ़त हासिल करते हुए मजबूत स्थिति बनाने का रहेगा। क्रीज पर अनमोल 19 और कैफ रहमान छह रन बनाकर टिके हुए हैं।
सहारनपुर स्थित सॉलिटियर क्रिकेट मैदान पर खेले जा रहे मैच में यूपी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। कप्तान का निर्णय गेंदबाजों ने सही साबित किया और शुरुआती ही ओवरों में छत्तीसगढ़ की बल्लेबाजी बिखर गई। छत्तीसगढ़ का पहला विकेट 14 रन के स्कोर पर बी. बालाजी राव (13 रन) के रूप में गिरा जिन्हें यश पंवार ने बोल्ड किया।
इसके बाद अयान अकरम और यश पंवार ने मिलकर मात्र 18 रन के भीतर शीर्ष क्रम के तीन और बल्लेबाज यश कुमार (एक रन), विकल्प तिवारी (शून्य), कृष्णा टंक (शून्य) को पवेलियन भेजा। टीम से निशांत सिंह 17 रन बनाकर आउट हो गए। वेदांश खेड़िया ने टीम को संभालते हुए अर्धशतक जड़ा। उनके साथ मौजूद मो. फैज खान 28 रन बनाकर रन आउट होकर लौटे।
वेदांश के 82 रन के साथ टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचा और पूरी टीम 180 रन पर आउट हो गई। गेंदबाजी में यूपी की ओर से अयान अकरम ने चार, आदित्य कुमार सिंह ने तीन और यश पंवार ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए यूपी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शांतनु सिंह 16 रन पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद अनमोल और कैफ रहमान ने विकेट टीम के स्कोर को 41 रन तक पहुंचाया।