कानपुर देहात। डिजिटल जमाने के हिसाब से लोग अब ऑनलाइन शॉपिंग का विकल्प चुन रहे हैं। इससे फुटकर व्यापार प्रभावित हो रहा है। वहीं सात दिन में वापसी और रिफंड की सुविधा से लोगों का रुझान ऑनलाइन खरीदारी की ओर बढ़ा है।
व्यापारियों के मुताबिक जिले में प्रतिदिन करीब 10 से 15 लाख रुपये से ऊपर का ऑनलाइन कारोबार किया जा रहा है। नगर के मुख्य बाजार के अलावा तहसील गांव में व्यापारी लाखों की पूंजी लगाकर दुकान और बड़े शोरूम खोल रहे हैं। व्यापारियों को उम्मीद होती है कि उनके शोरूम और दुकानों पर ग्राहकों की आमद होगी तो रोजगार को गति मिलेगी, लेकिन ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन ने व्यापारियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। कई दुकान और शोरूम ऐसे हैं, जहां पूरे दिन बोहनी तक नहीं हो रही है।
ऐसे में दिहाड़ी के साथ ही दुकान के अन्य खर्चे निकाल पाना काफी मुश्किल हो जाता है। कपड़े से लेकर खाने-पीने और सजावट सहित अन्य सभी जरूरतों का सामान ऑनलाइन और बाजार से सस्ते मूल्य में उपलब्ध हो जाती है, इतना ही नहीं ग्राहक अपने पसंद और न पसंद के साथ खरीदारी कर रहे हैं। अकबरपुर के संदीप, दीपक व राकेश ने बताया कि बाजार में सामान वापस करने में काफी दिक्कतें होती हैं। ऑनलाइन शापिंग करने और सामान वापस करने में सात दिन तक समय मिल जाता है। इसके साथ ही सामान पहुंचाने व वापस ले जाने का कार्य भी घर से ही हो जाता है, जिससे लोगों को समस्या का सामना नहीं करना पड़ता है।
..........................
घर से बाहर जाने की नहीं पड़ती जरूरत
पहले महिलाओं को खरीदारी करने के लिए पुरुष नगर व गांव के बाजार लेकर जाते थे। कई बार घर आने पर सामान पसंद न आने पर वापस भी करने जाना पड़ता था। ऑनलाइन शॉपिंग का चलन बढ़ने से पुरुष और महिलाओं को बाजार जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। ऑनलाइन कंपनियों से ही उनकी शॉपिंग हो जाती है, पसंद करने के लिए भी कई विकल्प मिल जाते हैं। इससे महिलाएं अब बाजार में जाने से परहेज कर रही हैं। - सुलेखा द्विवेदी, रूरा
...................
सामान के बदले धनराशि वापसी की है सुविधा
दुकान से सामान लाने के बाद यदि पसंद नहीं है, तो बदलने की ही सुविधा दी जाती है। इसके अलावा कई बार तो दुकानदार झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं। ऐसे में महिलाएं अपने को असहज महसूस करती हैं। वहीं ऑनलाइन शॉपिंग में पसंद न होने पर खरीदे गए सामान की वापसी हो जाती है और रुपये भी वापस मिल जाते हैं। इससे ऑनलाइन शॉपिंग सबसे ज्यादा पसंद आ रही है। - सालनी मिश्रा, रूरा