कानपुर। आपने जिस भारत में रहने की कल्पना की है, देश को उसी तरह बनाने के प्रयास शुरू कर दें। 2047 में देश की स्वतंत्रता के 100 साल पूरे होंगे तब युवाओं का शौर्य परिलक्षित होगा। आज के युवा उस समय निर्णय लेने की भूमिका में होंगे।
देश हमें सब कुछ देता है, हम भी तो देश को कुछ देना सीखें। यह बात रोटरी क्लब कानपुर सेंट्रल और इंटरैक्ट क्लब्स डिस्ट्रिक्ट की ओर से तीन दिवसीय युवा वार्षिक सम्मेलन के उद्घाटन पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद यूपी विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने कही।
मर्चेंट चैंबर हॉल में हुए कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि देश पहले की भावना का युवा पालन करें। लोग अधिकतर समय मोबाइल पर गुजार रहे हैं। स्वमूल्यांकन करें कि तकनीकी हमारे वश में है या हम तकनीकी के वश में हो गए हैं।
सम्मेलन में उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी के 12 से 18 वर्ष के युवा शामिल हुए। यहां विशिष्ट अतिथि जलयोद्धा पद्मश्री उमाशंकर पांडेय ने कहा कि मंदिर न जाएं, लेकिन माता पिता का आशीर्वाद जरूर लें। देश में वाटर यूनिवर्सिटी, वाटर लाइब्रेरी, म्यूजियम खुलने की जरूरत है।
रोटरी क्लब के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. डीएन रायजादे, अध्यक्ष डॉ. अवध दुबे, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नीरव निमेष अग्रवाल, जसवीर भाटिया, राजीव मित्तल, अक्षय जैन और मौलिक कक्कड़ ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन रुद्रपुर से आईं संपदा तिवारी और रिजुल मदान ने किया।
समाज सेवा से बाधित नहीं होती पढ़ाई
- आगरा से आए जसनूर सिंह ने कहा कि वह पिछले एक साल से इंटरैक्ट क्लब के अध्यक्ष हैं। इस दौरान पोलियो, बुक डोनेशन, प्लांटेशन सहित कई अभियान चलाए हैं।
- आगरा से आए शिवम यादव ने कहा कि पिता से समाज सेवा की प्रेरणा मिली है। वह भी इंटरैक्ट क्लब के अध्यक्ष हैं। तीन महीने के कार्यकाल में 17 प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुके हैं।
- शहर की राधिका कपूर ने कहा कि वही भी इंटरैक्ट क्लब की अध्यक्ष हैं। अपनी गुल्लक, प्लांटेशन समेत कई अभियान चला चुकी हैं। समाज सेवा से कभी पढ़ाई नहीं बाधित होती।