कानपुर देहात। आर्मर्ड केबल के बजाय सादे केबल पर लगाए गए स्मार्ट मीटरों की सील लॉक नहीं थीं। अमर उजाला ने रविवार को मुद्दा उठाया तो कार्यदायी संस्था हरकत में आयी। इसके बाद अकबरपुर के नेहरू नगर में आठ माह पहले लगाए गए स्मार्ट मीटरों की सील लॉक कराई गईं।
बिजली चोरी रोकने के लिए सभी कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर लगाने के निर्देश हैं। हालांकि बिल न आने या फिर अन्य दिक्कतों की वजह से स्मार्ट मीटर लगवाकर उपभोक्ता परेशान हैं। वहीं जिन कनेक्शनों पर बिल निर्गत हो रहा है उन्हें केबल मोबाइल पर मैसेज मिल रहे हैं। अब बिल निकालने न मीटर रीडर आ रहे हैं और न बिल की हार्ड कॉपी मिल रही है। मोबाइल पर मैसेज डिलीट होने पर उपभोक्ता के पास कोई प्रमाण नहीं बच रहा है। जबकि बिलिंग की गड़बड़ी या फिर अन्य दिक्कत पर बिजली निगम के अधिकारी पुराना बिल उपलब्ध कराने की मांग करते हैं।
इधर आर्मर्ड केबल के बजाय सादे केबल पर लगाए गए स्मार्ट मीटरों की सील लॉक नहीं की गई। अकबरपुर में आठ माह पहले लगाए स्मार्ट मीटरों की सील लॉक नहीं किए जाने का मुद्दा अमर उजाला ने प्रमुखता से रविवार को उठाया। इसके बाद कार्यदायी संस्था जीनस के सर्किल इंचार्ज हरकत में आए। उन्होंने ठेकाकर्मियों को भेजकर बिना सील लॉक किए छोड़े गए मीटरों पर आपत्ति जताई। साथ ही स्मार्ट मीटरों के सील लॉक करने का काम शुरू कराया। स्मार्ट मीटरों में सील लॉक नहीं किए जाने से बिजली चोरी की आशंका बनी थी।
........................
आर्मर्ड केबल लगाने में मिली छूट बनी मनमानी की वजह
बिजली के प्रत्येक नये कनेक्शन या फिर स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर आर्मर्ड केबल को अनिवार्य किया गया था। इसके निर्देश यूपीपीसीएल के अध्यक्ष ने दिए थे। हालांकि अब 30 फीसदी कनेक्शनों पर आर्मर्ड केबल के साथ स्मार्ट मीटर लगाने की बात कही जा रही है। स्मार्ट मीटरों पर आर्मर्ड केबल लगाने में मिली छूट की वजह से मनमानी की आशंका है। यह साफ नहीं हो रहा है। कहां और कितने कनेक्शनों पर आर्मर्ड केबल के साथ स्मार्ट मीटर लगाए गए। लोगों का आरोप है कि इनका सत्यापन भी मुश्किल है। जीनस कंपनी के सर्किल इंचार्ज गोविंद सिंह ने बताया कि 30 फीसदी स्मार्ट मीटर पर आर्मर्ड केबल लगाने का कोई लिखित आदेश नहीं मिला है। अधीक्षण अभियंता सुमित व्यास ने बताया कि फिलहाल आर्मर्ड केबल के साथ तीस फीसदी स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। यदि कहीं से इस अनुपात में आर्मर्ड केबल नहीं लगाने की शिकायत मिलेगी तो जांच कराई जाएगी।
..................
वर्जन......
लगाने के साथ ही स्मार्ट मीटरों को सील लॉक करना था लेकिन ठेकाकर्मियों ने आर्मर्ड केबल बाद में लगने की वजह से स्मार्ट मीटरों की सील लॉक नहीं की थी। अकबरपुर में बिना सील लॉक वाले लगे स्मार्ट मीटरों की जानकारी पर सील लॉक कराई गई है। इसी सप्ताह यह काम पूरा कर लिया जाएगा। - गोविंद सिंह, सर्किल इंचार्ज जीनस कंपनी