कानपुर देहात। ग्रोथ सेंटर औद्योगिक क्षेत्र में सीईटीपी (कामन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) के संचालन की अड़चन में फैक्टरियों से हर दिन निकल रहा हजारों लीटर दूषित पानी नाले में बहाया जा रहा है। यह गंदा पानी आगे जाकर नदी के जल को प्रदूषित कर रहा है।
नबीपुर-गजनेर मार्ग किनारे ग्रोथ सेंटर औद्योगिक क्षेत्र है। ग्रोथ सेंटर व जैनपुर में जल प्रदूषणकारी फैक्टरियों का गंदा पानी सीईटीपी में शोधन के बाद ही बहाने की व्यवस्था की गई थी। यूपीसीडा की ओर से 2006 में सीईटीपी बनाया गया। बाद में यहां फैक्टरियां लगी लेकिन सीईटीपी संचालन की सहमति उद्यमियों में नहीं बन सकी। इसकी अड़चन के चलते पुराना सीईटीपी बदहाल हो गया। मशीनें जंग खाकर गल गई। देखरेख के अभाव में शरारती तत्व मशीनें खोल ले गए।
करीब दो साल पहले यहां नया सीईटीपी बनाने की कवायद शुरू हुई। जल निगम से प्रस्ताव बनवाया गया। करीब आठ सौ करोड़ रुपये का प्रस्ताव बना। यूपीसीडा व प्रदेश सरकार को यह लागत आधी-आधी वहन करनी थी।
इधर सीईपीटी बनाने से पहले उद्यमियों की समिति बनती है। सीईपीटी का संचालन यह समिति की करती है और इसपर आने वाला खर्च भी उद्यमियों को ही वहन करना पड़ता है। वर्ष 2024-25 में उद्योग बंधु की बैठक में सीईटीपी संचालन के लिए समिति बनाने पर उद्यमियों की ओर से सहमति नहीं मिली तो यह मुद्दा बाहर कर दिया गया। अब करीब चालीस से अधिक फैक्टरियों का गंदा पानी नाले में बह रहा है। यह पानी मुख्य नालों से होकर नदी जल को दूषित कर रहा है।