कानपुर। बंगलूरू से दिल्ली होकर महाकुंभ स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार में कंटेनर ने टक्कर मार दी। इससे कार पलट गई। कार सवार सभी श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों का सीएचसी सरसौल में प्राथमिक उपचार कराया गया। डाॅक्टर ने गंभीर घायल तीन लोगों को रामादेवी स्थित काशीराम ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
बंगलूरू के विश्वनाथ ने बताया कि सतीश, हरिजीत सिंह और तीन अन्य साथियों के साथ फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे। यहां से किराये पर कार लेकर प्रयागराज जा रहे थे। शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे सरसौल कस्बे से आगे नगरा मोड़ के पास कंटेनर ने कार में टक्कर मार दी। कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पलट गई।
आसपास मौजूद लोगों ने सभी को बाहर निकाला। एंबुलेंस से पुलिस सभी को सीएचसी सरसौल लेकर गई। गंभीर रूप से घायल विश्वनाथ, सतीश व हरिजीत को कांशीराम ट्रामा सेंटर रामादेवी रेफर कर दिया गया। महाराजपुर थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि टक्कर मारने के बाद चालक कंटेनर लेकर भाग गया।