रनियां। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के रनियां पड़ाव में हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से कंटेनर टकरा गया। हादसे में कंटेनर का केबिन क्षतिग्रस्त होने से चालक उसी में फंसकर घायल हो गया। लोगों ने मशक्कत कर चालक को बाहर निकाला। इससे थोड़ी देर के लिए हाईवे पर जाम लगा रहा। पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात सुचारु कराया।
औरैया के दिबियापुर निवासी अवधेश कुमार (35) गुरुग्राम से कंटेनर में बाइक लादकर कानपुर जा रहा था। रनियां पड़ाव पहुंचने पर हाईवे में पहिया पंचर होने से खड़े ट्रक में पीछे से कंटेनर भिड़ गया। हादसे में कंटेनर का केबिन क्षतिग्रस्त होने से चालक अवधेश फंस कर घायल हो गया।
लोगों ने उसे किसी तरह बाहर निकाला और निजी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर जाम लगा रहा। जानकारी पर रनियां पुलिस ने जाम खुलवाया। रनियां चौकी प्रभारी रवि दांगी ने बताया कि चालक मामूली घायल हुआ है। दोनों वाहनों को चौकी में खड़ा कराया गया है।