कानपुर। पनकी औद्योगिक क्षेत्र में आठ साल से अधूरे अग्निशमन केंद्र का निर्माण पूरा करने के लिए शासन ने 2.37 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस बीच इस केंद्र के निर्माण की लागत 3.42 करोड़ रुपये से बढ़कर 4.09 करोड़ रुपये हो गई।
शासन के अनु सचिव दीपक पटेल की ओर से पुलिस महानिदेशक को लिखे गए पत्र के अनुसार पनकी औद्योगिक क्षेत्र में दो यूनिट के अग्निशमन केंद्र के प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए धनराशि आवंटित करने की जानकारी दी। भवन निर्माण के लिए 25 मार्च 2017 में 342.26 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे। उस समय 1.72 करोड़ रुपये आवंटित भी किए गए थे। निर्माण करा रही कार्यदायी संस्था को भुगतान भी कर दिया गया था।
फीटा के महामंत्री उमंग अग्रवाल ने बताया कि उस समय शेष धनराशि जारी न होने से 2019 में निर्माण रुक गया था। मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव, पुलिस महानिदेशक आदि को कई बार पत्राचार और अनुरोध किया गया। अब शासन ने अब शेष धन स्वीकृत किया है। इससे कार्य पूर्ण हो जाएगा। धन जारी होने से सभी उद्यमियों ने खुशी जाहिर की है।