उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में छेड़छाड़ के आरोपों में घिरे कांस्टेबल द्वारा जहर पी लेने के चर्चित मामले में बृहस्पतिवार को कांस्टेबल की पत्नी ने रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला के विरुद्ध तहरीर देकर महिला और उसकी पुत्री और पुत्र आदि के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। कांस्टेबल की जिला अस्पताल से छुट्टी हो गई।
गाजीपुर पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल जगदीश सिंह यादव ने बुधवार को शहर कोतवाली परिसर में जहर पी लिया था। उसके विरुद्ध बांदा शहर की एक महिला ने बेटी से छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला के मुताबिक वह कांस्टेबल की दूसरी पत्नी है। गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती जगदीश सिंह की हालत में सुधार होने के बाद अस्पताल से छुट्टी हो गई। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रदीप गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य में सुधार हो जाने पर कांस्टेबल की छुट्टी कर दी गई।