चित्रकूट जिले में गुरुवार शाम झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सदर कोतवाली क्षेत्र के कालूपुर गांव के पास सड़क पर मवेशी से टकराकर बाइक सवार सिपाही की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टरों ने सिपाही को मृत घोषित कर दिया।
मृतक सिपाही बागपत जिले का निवासी था जो आठ माह पूर्व बुलंदशहर से ट्रांसफर होकर आया था। अभी उसकी पुलिस लाइन में तैनाती थी। बागपत के कयापुर सुजरा गांव निवासी सिपाही कपिल शर्मा (30) पुत्र राजेश्वरी बुलंदशहर से ट्रांसफर होकर 27 फरवरी 2020 को चित्रकूट आया था।
गुरुवार को बाइक से मुख्यालय आया और एटीएम से पांच हजार रुपये निकालने के बाद शाम को पुलिस लाइन लौटते समय जैसे ही वह हाईवे के कालूपुर गांव के पास पहुंचा सड़क पर अचानक आए मवेशी से बाइक टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिपाही बाइक समेत लगभग दस मीटर दूर जाकर गिरा। इसी बीच बाइक का कोई हिस्सा सिपाही के सीने में जा घुसा और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। दुर्घटना होते ही आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और सिपाही को सड़क किनारे किया।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी रजनीश यादव, आरआई सुमेर सिंह व कोतवाल अरुण पाठक भी पहुंचे और सिपाही को जिला अस्पताल लेकर आए। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने सिपाही के मौत होने की पुष्टि की।
इसी बीच पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल व अपर एसपी पीसी पांडेय भी अस्पताल पहुंचे। सिपाही के परिजनों को घटना की जानकारी देकर पंचनामा कराया गया। उधर घटना की जानकारी होते ही पुलिस विभाग में शोक व्याप्त हो गया।