चित्रकूट। बुंदेलखंड के सभी क्षेत्रों में चल रही किसान समृद्धि यात्रा बृहस्पतिवार को चित्रकूट जिले के मुख्यालय पहुंची। यात्रा में शामिल प्रतिनिधियों ने किसानों को जैविक खेती करने के साथ ही गो पालन कर उसके गोबर का उपयोग खाद के रूप में करने की प्रेरणा दी। झांसी जिले से 27 अक्तूबर से किसान समृद्धि यात्रा निकाली गई जो 11 नवंबर तक बुंदेलखंड क्षेत्र के 47 ब्लॉक क्षेत्रों में जाएगी।
अभी तक महोबा व हमीरपुर व बांदा जिले के 21 ब्लॉक क्षेत्रों का भ्रमण किया है। यह यात्रा गुरुवार को चित्रकूट जिले में पहुंची। जिसका नेतृत्व कर रहे कृषक समृद्धि आयोग उत्तर प्रदेश के सदस्य श्याम बिहारी गुप्ता ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य कम लागत में फसल तैयार करना है। जिसके लिए गोबर से बनाने वाली खाद जीवामृत खाद जिसमें गोबर, गोमूत्र व गुड़ दाल मिलाकर खाद तैयार की जाती है। जिसकी लागत बहुत कम आती है। इससे तैयार खाद खेत में डालने से अच्छी पैदावार होती है। किसानों का भला गो पालन करने से होगा। इस मौके पर यात्रा के संयोजक हरीशंकर पटेल निवासी कर्वी, उडी़सा प्रदेश की विष्णुप्रिया, वंशगोपाल मिश्रा, डॉ. उदयनाराण आदि रहे।