कानपुर। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। इस दौरान कोतवाली के सामने पुलिस से कांग्रेसियों की झड़प भी हुई। इस मामले में पुलिस ने कुल 57 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिसमें सात नामजद हैं। सभी पर गलत तरीके से सड़क जाम और कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप है।
नामजद लोगों में नगर ग्रामीण अध्यक्ष संदीप शुक्ला, कृपाशंकर त्रिपाठी, पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्रा, विकास अवस्थी, सौरभ सिंह, हरप्रकाश अग्निहोत्री और हमजा निहाल शामिल हैं। इससे पूर्व महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता को स्थानीय पुलिस ने उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया था।
विरोध-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग बंद करो, सत्ता का दुरुपयोग बंद करो लिखी तख्तियां लेकर तिलक हॉल से निकले। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए बड़ा डाक घर घेरने के लिए आगे बढ़ रहे थे, इसी बीच पुलिस ने कांग्रेसियों को रोकने का प्रयास किया। इस दाैरान बड़ी संख्या में मौजूद पुलिस और पीएसी से झड़प हो गई। कार्यकर्ता पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ते आगे बढ़े। इस दौरान कोतवाली के गेट के सामने जमकर खींचतान हुई। कोतवाली के अंदर भी कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन करने वालों में नरेश त्रिपाठी, करिश्मा ठाकुर, उषा रानी कोरी, सुमन तिवारी, संयोगिता वर्मा, संतोष त्रिपाठी, प्रतिभा अटल पाल, इखलाक डेविड, अब्दुल माबूद सिद्दीकी, एजाज रशीद, सतीश दीक्षित, जेपी पाल, अंकित कन्नौजिया, संदीप मिश्रा, अतहर नईम, आनंद मेहरोत्रा, शंकर दत्त मिश्रा, राजीव द्विवेदी, चंद्रमणि मिश्रा, विजय त्रिवेदी, अवनीश सलूजा, मुकेश दुबे, नरेंद्र चंचल आदि रहे।