झाड़ू लेकर फोटो खिंचवाने के मामले पर प्रदर्शन करते कांग्रेसी
स्वच्छता मिशन के नाम पर साफ-सुथरी जगह झाड़ू लगाकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं के फोटो खिंचवाने पर कांग्रेसियों ने तंज कसते हुए सोमवार को कानपुर के बड़ा चौराहा पर प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने हाथ में झाड़ू पकड़कर ‘झाड़ू उठाओ, फोटो खिंचाओ, नाटक ड्रामा बंद करो-सफाई का प्रबंध करो’ का नारा दिया।
कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा नेताओं में झाडू हाथ में लेकर साफ जगह पर फोटो खिंचवाने का फैशन चल पड़ा है। प्रदेश के नगर निगमों में भाजपा के अधिकतर महापौर हैं, इसके बावजूद उत्तरप्रदेश गंदगी और प्रदूषण में कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। पूर्व सांसद राजाराम पाल ने कहा कि भाजपाई सिर्फ ड्रामा कर रहे हैं। इस दौरान विधायक सोहेल अंसारी, शंकर दत्त मिश्र, भूधर नारायन मिश्रा, आलोक मिश्रा, कमल जायसवाल, इकबाल अहमद, इजहारुल अंसारी, मेवालाल कठेरिया, नरेश चंद्र त्रिपाठी, कृपेश त्रिपाठी, अमिताभ मिश्रा आदि रहे।