कानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा में सोमवार को पहली पाली में हाईस्कूल में अंग्रेजी और इंटर में व्यावसायिक विषय का पेपर हुआ। वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट गणित व जीवविज्ञान विषय की परीक्षा हुई। इस दौरान केंद्रों के बाहर छात्र-छात्राएं मॉडल पेपर हाथ में लेकर अंतिम समय तक दोहराती नजर आईं। विद्यार्थियों के अनुसार अंग्रेजी के पेपर में ग्रामर से जुड़े सवालों ने जहां समय प्रबंधन बिगाड़ा वहीं इंटर के गणित और जीव विज्ञान के पेपर में कई उलझाने वाले सवाल पूछे गए।
गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज से बाहर परीक्षा देकर निकले विद्यार्थियों ने बताया कि इस बार गणित और जीवविज्ञान के प्रश्नपत्र अन्य विषयों की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण रहे। रटने के बजाय अवधारणात्मक समझ पर आधारित सवालों ने सोचने पर मजबूर किया। गणित के सवालों को चरणबद्ध हल करने के साथ सूत्रों का सटीक प्रयोग किया। वहीं, जीवविज्ञान में आरेख आधारित व व्याख्यात्मक प्रश्नों ने तैयारी की गहराई से परख ली।
अंग्रेजी में रीडिंग, राइटिंग से सीधे व स्पष्ट प्रश्न पूछे गए। वहीं ग्रामर ने कुछ परेशान किया। पहली पाली में हाईस्कूल की अंग्रेजी और इंटरमीडिएट के व्यावसायिक विषय की परीक्षा हुई। इस पाली में कुल 46633 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 45910 उपस्थित और 723 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की जीव विज्ञान और गणित की परीक्षा में 34389 छात्र-छात्राओं में 32636 उपस्थित रहे जबकि 1753 ने परीक्षा छोड़ दी।