उन्नाव में आरोपी को अग्रिम जमानत मिलने से आहत हो एसपी कार्यालय में खुद को आग लगाने वाली दुष्कर्म पीड़िता की गुरुवार रात कानपुर के हैलट अस्पताल में हालत बिगड़ गई। तेज दर्द से वह चिल्ला उठी। डॉक्टराें ने किसी तरह दर्द पर काबू पाया। सुबह जानकारी पर हसनगंज कोतवाली के विवेचक समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने हैलट पहुंचकर डॉक्टरों से उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
डॉक्टरों ने शरीर में संक्रमण फैलने की संभावना पर जांच कराई है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 22 वर्षीय युवती ने 16 दिसंबर सोमवार सुबह 11 बजे करीब एसपी कार्यालय गेट पर खुद को आग लगा ली थी। युवती को जिला अस्पताल से कानपुर हैलट रेफर किया गया था।
युवती के पिता का आरोप है कि गांव के अवधेश सिंह ने शादी का झांसा देकर कई सालों तक शारीरिक शोषण किया था। बाद में शादी से मुकर गया था। बेटी ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी पर पुलिस ने समय पर उसकी गिरफ्तारी नहीं की थी, जिससे आरोपी को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई थी। इसी से आहत हो बेटी ने खुद को जला लिया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी अवधेश पर युवती को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया था। 85 फीसदी जल चुकी युवती की बुधवार रात अचानक हालत बिगड़ गई। तेज दर्द होने से वह कई घंटे तक चिल्लाती रही। जानकारी पर सुबह मामले के विवेचक अब्दुल मन्नान समेत अन्य पुलिस कर्मी हैलट पहुंचे और डॉक्टरों से स्वास्थ्य की जानकारी ली।