कानपुर। शहर में सीएम ग्रिड योजना के तहत 2024 में शुरू किए गए सड़क निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर महापौर प्रमिला पांडेय ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश में जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक जोन में पांच-पांच पंप लगाने और आवश्यकतानुसार तुरंत डि-वॉटरिंग की व्यवस्था करने को कहा। सभी सड़कों का निर्माण निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में हुई बैठक की अध्यक्षता महापौर और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने की। अधूरे कार्यों पर मुख्य अभियंता सिविल सैयद फरीद अख्तर जैदी से प्रगति की जानकारी ली लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जल निगम के अधिशासी अभियंता मो. अजमल ने बताया कि जोन-1 में घंटाघर से परेड होते हुए ग्रीनपार्क तक कार्य में भूमिगत केबलों की पहचान बाधा बनी है जिससे लगातार फॉल्ट हो रहे है। उन्होंने कहा कि सीवर और पानी कनेक्शन के कार्य 25 जून तक पूरे कर लिए जाएंगे।
जोन-6 के अधिशासी अभियंता ने बताया कि बगिया क्रॉसिंग से कल्याणपुर होते हुए केसा कार्यालय तक एक लेन में 15-20 मीटर सीवर कार्य शेष है, जिसे 30 जून तक चालू कर दिया जाएगा। नगर आयुक्त ने स्वरूप नगर क्षेत्र में मिट्टी, गार्डर और पाइप खुले पड़े होने पर नाराजगी जताते हुए इन्हें तुरंत व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि बर्रा बाईपास से रामबाग होते हुए हमीरपुर मार्ग तक करीब 500 मीटर क्षेत्र में सीवर लाइन कनेक्टिविटी नहीं है, जिसके लिए नई लाइन डालनी होगी और इसमें लगभग दो महीने का समय लगेगा।