कानपुर। सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़कों में ड्रेनेज कार्य बरसात से पहले पूरा कर लें। यह निर्देश शुक्रवार को यूरिडा की डिप्टी सीईओ अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने नगर निगम के मुख्य अभियंता और जोनल अभियंताओं को दिया। सीएम ग्रिड प्रोजेक्ट को 10 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
अरबन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एजेंसी (यूरिडा) की देखरेख में नगर निगम सीएम ग्रिड योजना के फेज-वन और फेज-दो के तहत 300 करोड़ से ज्यादा की लागत से 10 सड़कें बनवा रहा है। शुक्रवार को यूरिडा के डिप्टी सीईओ अरविंद कुमार श्रीवास्तव, यूरिडा की प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग यूनिट (पीएमयू) के टीम लीडर अमिताभ किरन, नंदनी शर्मा सहित चार अधिकारियों ने लखनऊ से आकर सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही लालबंगला, स्वरूपनगर, घंटाघर-ग्रीन पार्क, कर्रही रोड और कानपुर - सागर राष्ट्रीय राजमार्ग के बसंत विहार मेट्रो स्टेशन से यशोदानगर, गोपालनगर होते हुए कानपुर - इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग रोड का निरीक्षण किया।