कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 15 अक्तूबर को होने वाली जनसभा की तैयारियों का जायजा लिया। जनसभा के लिए शास्त्री चौक, रतनलाल नगर स्थित जैना पैलेस मैदान व दबौली मोड़ आदि के स्थान देखे गए।
वहां लोगों को ट्रैफिक आदि कि समस्या न हो, इस पर गंभीरता दिखाई गई। अंत में संचालन समिति ने जैना पैलेस के बगल वाले मैदान पर अंतिम मुहर लगाई। मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री किदवई नगर स्थित संजय वन में उतरेंगे। वहां से सड़क मार्ग से सभा स्थल तक जाएंगे।
निरीक्षण के बाद पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय ने गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र स्थित कार्यालय में बैठक की। इसमें कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के महामंत्री संगठन भवानी सिंह ने उपचुनाव में अभी तक किए गए कार्यों की समीक्षा की।
चुनाव प्रबंधन, प्रचार, जनसंपर्क कार्यक्रम आदि पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री की जनसभा के दौरान यातायात एवं जल आदि की व्यवस्था की जिम्मेदारी भी प्रमुख पदाधिकारियों को सौंपी गई। भवानी सिंह ने पन्ना प्रमुख के जरिए मतदाता तक पहुंचने की योजना बताई। चुनाव संचालन समिति की बैठक में कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, विधानसभा संयोजक रविंद्र भदौरिया आदि मौजूद थे।