मुख्यमंत्री ने ई-रिक्शाें का सत्यापन करवाने, अवैध टैक्सी व रिक्शा स्टैंड को हटाए जाने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। समीक्षा बैठक में शहरों में बढ़ती ट्रैफिक समस्या के सवाल पर मुख्यमंत्री काफी सख्त दिखे। उन्होंने ट्रैफिक समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए पुलिस को सतर्क रहने के लिए कहा। यातायात व्यवस्था सही तरीके से संचालित हो सके, इसके लिए होमगार्ड्स और पीआरडी के जवानों को प्रशिक्षण दिए जाने के निर्देश दिए। यातायात के काम में स्वयंसेवी संगठनों की मदद लिए जाने की बात भी कही। इसके साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक अभियान चलाने के लिए कहा। इसी तरह गो तस्करी, लव-जिहाद रोकने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए।
मुख्यमंत्री ने यह निर्देश भी दिए...
- भू और खनन माफिया पर हो सख्त कार्रवाई।
- आगामी चैत्र नवरात्र व ईद में सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी सुविधाओं को मुहैया कराया जाए।
- धार्मिक स्थलों से माइक व साउंड सिस्टम हटवाए जाएं।
- विवाह व अन्य आयोजनों के दौरान साउंड सिस्टम व बैंड को कम आवाज में बजाया जाए।
- चेन स्नेचिंग व लूटपाट के संबंध में फुट पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए।
- एसएमई की हर यूनिट को सुरक्षा कवच व ज्यादा से ज्यादा रजिस्ट्रेशन करवाए जाएं। अब तक प्रदेश में 55 लाख रजिस्ट्रेशन किया जा चुके हैं। ओडीओपी के उपकरण बांटे जाएं।
- पुरानी कपड़ा मिलों, टेक्सटाइल उद्योग के जीर्णोद्धार संबंधी प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजें।
कानपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर मंडल के समग्र विकास की बनेगी नई योजना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंडल के समग्र विकास के लिए अधिकारियों से जल्द योजनाएं बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इसके लिए शासन से धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने और उसके रखरखाव की बेहतर व्यवस्था करने के लिए भी जिले और मंडल के अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों से भी ध्यान देने के लिए कहा। उन्होंने मंडल में अनावश्यक होर्डिंग्स लगाने पर रोक के निर्देश दिए। साथ ही चौराहों से अनावश्यक प्रतिमाओं को हटाने के लिए भी कहा। सीएम ने कहा कि सड़क के किनारे लैंड बैंक बनाया जाए, जिससे लोग सरकारी संपत्ति पर अनधिकृत तौर पर कब्जा न कर सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि 2027 तक समस्त परियोजनाएं पूर्ण कर ली जाएं।
बिजली की बिलिंग व्यवस्था ठीक करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने बिजली की बिलिंग व्यवस्था ठीक करने के लिए केस्को एमडी को निर्देश दिए। कहा कि रोज कमाने खाने वाले व्यक्तियों का बिजली बिल प्रत्येक माह न देकर साल के आखिर में दिया जाता है। इस पर रोक लगाई जाए। फीडर में रोजाना 10 की जांच की जाए, तभी बिलिंग सही होगी। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने केस्को का टोल फ्री नंबर नहीं उठने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए कॉल सेंटर स्थापित कराए जाने के निर्देश दिए। खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर की समस्या को नौ से 12 घंटे में ठीक करने के निर्देश दिए। ऑपरेशन त्रिनेत्र के साथ ट्रांसफार्मर व अन्य बिजली सुविधाओं को जोड़ा जाए, ताकि तेल व अन्य उपकरणों की चोरी रोकी जा सके। आगामी ग्रीष्म ऋतु में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जाए।