कानपुर। मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत सड़कों के निर्माण कार्यों में हो रही देरी ने शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। फेज-वन की पांचों सड़कों का निर्माण तय समय-सीमा के भीतर पूरा होना अब असंभव सा लग रहा है। बरसात का मौसम शुरू होने से पहले सड़कों के दोनों तरफ नालों का निर्माण भी चुनौती है। बारिश के मौसम में इन सड़कों में जलभराव होने की आशंका है।
मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत शहर की महत्वपूर्ण सड़कों, जैसे घंटाघर-ग्रीन पार्क चौराहा रोड, कर्रही रोड, कल्याणपुर बगिया क्रासिंग से केसा चौराहा रोड, बाबाकुटी चौराहे से किदवईनगर के ब्लाक और हमीरपुर रोड के वसंत विहार चौराहे से किदवईनगर वाई-ब्लाक-यशोदानगर-गोपालनगर होते हुए हाइवे तक रोड का निर्माण कार्य दिसंबर 2025 में शुरू हुआ था। परियोजना को पूरा करने के लिए 18 महीने की अवधि निर्धारित है। 16 महीने बीतने के बाद भी इन सड़कों पर अभी तक 70 प्रतिशत कार्य भी पूरा नहीं हो पाया है। अधिकारी भी स्वीकार कर रहे हैं कि सभी कार्य तय समय में पूरे नहीं हो पाएंगे। सड़क निर्माण के पहले, सीवर लाइन, पाइपलाइन, यूटिलिटी डक्ट और नाला निर्माण के लिए घरों के आगे फुटपाथों को महीनों से खोदकर छोड़ दिया गया है। निर्माणाधीन सड़कों के आसपास के घरों के सीवर कनेक्शन और पाइपलाइन के कनेक्शन टूट गए हैं। गंदा पानी घरों के आगे गड्ढों में जमा हो रहा है।
नगर आयुक्त के निर्देशों का भी नहीं हो रहा पालन
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने 15 दिन पहले गोपालनगर सहित विभिन्न मोहल्लों में सीएम ग्रिड रोड के निरीक्षण के दौरान नालों, सीवर लाइन का कार्य तेज करने और चरणबद्ध तरीके से घरों में सीवर कनेक्शन देने के निर्देश दिए थे पर ऐसा नहीं हो पाया। उधर नगर निगम के मुख्य अभियंता एसएसए जैदी का कहना है कि शुरुआत में अतिक्रमण सहित अन्य वजहों से विलंब हुआ पर अब तेजी से कार्य हो रहा है।