आर्थिक रूप से कमजोर एवं दूर-दराज के ऐसे छात्र जो चार्टर्ड एकाउंटेंट बनने का सपना देख रहे हैं, अब उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है।
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट ऑफ इंडिया (आईसीएआई) ने अपनी वेबसाइट पर एक खास क्लाउड कैंपस कार्यक्रम शुरू किया है। इसमें देश भर के छात्र अपने घर पर ही तमाम नामी फैकल्टीज की क्लास में हिस्सा ले सकेंगे।
इसके अलावा अपने सवालों के जवाब भी पा सकेंगे। आईसीएआई की इस नई पहल से कोचिंग के धंधे को करारा झटका लगना तय है।
सीए की तैयारी करने वालों में से लगभग 60 फीसदी छात्र या तो दूरदराज से आते हैं या फिर काफी निर्धन परिवार से ताल्लुक रखते हैं।
ऐसे में उनके लिए सीए परीक्षा की तैयारी करने के लिए कोचिंग करने में परिवार को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए आईसीएआई के बोर्ड ऑफ स्टडीज ने क्लाउड कैंपस नाम का कार्यक्रम आरंभ किया है।
इसमें छात्रों को ई-लर्निंग कराई जाएगी। इसमें दिल्ली के तमाम बड़े फैक्ल्टी के रिकॉर्डेड लेक्टर तो मिलेंगे ही, साथ ही लाइव लेक्चर भी सुन सकेंगे। कौन से फैकल्टी का लेक्चर कब लाइव देखा और सुना जा सकेगा, इसका पूरा शेड्यूल आईसीएआई की वेबसाइट पर मौजूद रहेगा।
इसके अलावा प्रैक्टिकल नॉलेज दिए जाने के भी तमाम मॉड्यूल उपलब्ध कराए गए हैं। उधर कोर्स से जुड़ी तमाम महत्वपूर्ण किताबें और टेस्ट पेपर भी वेबसाइट पर दिए गए हैं।
यदि कोई छात्र किसी सवाल में अटक रहा है या फिर उसकी कोई जिज्ञासा है तो वह ईमेल करके इसे सुलझा सकेगा। इसके लिए एक कॉलम बनाया गया है।
विशेषज्ञ बोले,
कोचिंग की महंगी फीस के चलते तमाम छात्र निराश हो जाते हैं। मगर अब उन्हें आईसीएआई इस खास सुविधा के जरिए टॉप क्लास प्रोग्राम उपलब्ध कराएगी।
इसमें न केवल लाइव लेक्चर होंगे, बल्कि तमाम नई जानकारियां भी दी जाएंगी। बच्चों के भविष्य के लिए यह बेहद स्वागत योग्य कदम है।
सीए विवेक खन्ना, पूर्व चेयरमैन (सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल)
http://cloudcampus.icai.org)