कानपुर। पनकी औद्योगिक क्षेत्र साइट नंबर-दो और तीन में सफाई व्यवस्था ध्वस्त है। करोड़ों रुपये का टैक्स देने वाले उद्यमी छह महीने से गंदगी, बदबू और चोक नालियों के बीच कारोबार करने को मजबूर हैं। सफाई व्यवस्था के नाम पर गुमराह करने वाली कंपनी को यूपीसीडा ने ब्लैकलिस्ट करने की कड़ी चेतावनी दी है।
यहां सफाई की जिम्मेदारी लेने वाली कंपनी ने शुरुआती महीनों में सिर्फ दिखावटी काम किया और अफसरों को फोटो भेजकर खुश कर दिया। इसके बाद काम लगभग बंद कर दिया। इससे पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में छह महीने से कूड़े के ढेर, बजबजाती नालियों और अतिक्रमण के हालात से कारोबारी कराह रहे हैं।
करीब 500 एकड़ में फैले यूपीसीडा के औद्योगिक क्षेत्र साइट नंबर एक, दो, तीन, चार और पांच में 1500 के आसपास फैक्टरियां हैं। यूपीसीडा ने वर्ष 2003 में इस क्षेत्र को नगर निगम को सौंपा था। बाद में अव्यवस्थाओं पर उद्यमियों की लगातार शिकायतों को देखते हुए यूपीसीडा ने वर्ष 2025 में क्षेत्र को वापस अपने कब्जे में ले लिया था।
यूपीसीडा ने करीब सात करोड़ रुपये का टेंडर पास कर राज गंगा एक्सप्रेस कंपनी को तीन साल के लिए क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी थी। कंपनी ने काम कम और दिखावा ज्यादा किया। शुरुआत में कुछ महीनों तक छोटी नालियों की सफाई, पार्कों से थोड़ी-बहुत गंदगी हटाने और उसकी तस्वीरें अफसरों को भेजने का खेल चलता रहा। हकीकत में बड़े नालों की सफाई एक बार भी नहीं हुई। इससे ओवरफ्लो हुए नाले का गंदा पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। इधर कंपनी के कर्मचारियों ने सफाई के लिए आना ही बंद कर दिया। कई इलाकों में महीनों से झाड़ू तक नहीं लगी है।
कंपनी को नोटिस के साथ ब्लैकलिस्ट की चेतावनी
यूपीसीडा के वरिष्ठ प्रबंधक आशीष सिंह ने बताया कि कंपनी की तरफ से लगातार लापरवाही बरती जा रही थी। इसको देखते हुए मौके का निरीक्षण किया था। काफी गंदगी मिली है। इस पर कंपनी को नोटिस जारी की गई है। दो सप्ताह का समय दिया गया है। अगर कंपनी अपने कार्यों को सही से नहीं करती है तो ब्लैक लिस्ट की कार्रवाई की जाएगी।