कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में छत्रपति शाहूजी महाराज शोधपीठ की स्थापना की जाएगी। शोध गतिविधियों के संचालन के लिए 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। शोधार्थियों को 10 हजार रुपये प्रति माह की फेलोशिप मिलेगी। यह घोषणा सीनेट हाॅल में राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज की 152वीं जयंती पर कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने की।
कुलपति ने पीठ के संचालन के लिए सदस्यीय स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया है। टास्क फोर्स संचालन एवं कार्ययोजना के लिए प्रो. संदीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रो. डीसी श्रीवास्तव, डॉ. अमित कुमार मिश्रा तथा डॉ. रश्मि गोरे को सदस्य नामित किया गया है। यह टास्क फोर्स शोधपीठ की स्थापना, शोध गतिविधियों, शोध परियोजनाओं, प्रकाशनों, अभिलेखीकरण एवं अकादमिक कार्यक्रमों का संचालन करेगी।
कुलपति प्रो. पाठक ने कहा कि यह शोध पीठ समाज सुधार, सामाजिक न्याय एवं समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण काम करेगी। उन्हाेंने कहा कि केंद्रीय पुस्तकालय में राजर्षि शाहूजी महाराज ज्ञान कॉर्नर (भौतिक एवं डिजिटल/वर्चुअल स्वरूप में) स्थापित किया जाएगा। यहां उनके जीवन, विचारों, ऐतिहासिक दस्तावेजों, पुस्तकों, शोधपत्रों, दुर्लभ अभिलेखों एवं डिजिटल संसाधनों का सुव्यवस्थित संकलन उपलब्ध कराया जाएगा।
राजर्षि शाहूजी महाराज संग्रहालय भी स्थापित किया जाएगा जिसमें उनके जीवन, सामाजिक आंदोलनों, ऐतिहासिक निर्णयों, शिक्षा एवं कृषि सुधारों, सामाजिक न्याय संबंधी पहलों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।