मानिकपुर थाना क्षेत्र के सरैया गांव के पास शनिवार देर शाम को पिकअप की टक्कर से ऑटो चालक घायल हो गया। पिकअप चालक घायल को लेकर सीएचसी पहुंचा तो नशे में उसने इलाज कराने से मना कर दिया। रविवार सुबह उसका शव अस्पताल से कुछ दूरी पर मिला है।
तख्तूपुर निवासी अवधेश कुमार ने बताया कि उसका भाई सहस राम रैदास (38) गांव के ही अमर सिंह का ऑटो चलाता था। सुबह ऑटो लेकर सवारियां छोड़ने मानिकपुर गया था। देर शाम लौटते समय सरैया के पोखरी पुरवा के पास सामने से आई पिकअप ने ऑटो में टक्कर मार दी। इससे ऑटो पलट गया और भाई घायल हो गया।
घायल भाई को पिकअप पर लेकर चालक सीएचसी मानिकपुर गया। भाई दवा कराने को तैयार ही नहीं थे और कह रहे थे कि वह ठीक है। कोई दिक्कत नहीं है। इसके बाद पिकअप चालक चला गया। फिर कुछ देर बाद उसका भाई भी कहीं चला गया। रात भर खोजते रहे लेकिन भाई नहीं मिला। सुबह एक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि अस्पताल के बगल में एक शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव के जेब में मिले ड्राइविंग लाइसेंस मिला। सूचना पर हम लोग भी पहुंचे और शव की पहचान की। उसके तीन बेटी व एक बेटा है।
निरीक्षक शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिली थी अस्पताल पहुंचे तो घायल लापता था। खोजबीन भी की गई लेकिन पता नहीं चल सका था। सुबह शव मिला है। सहस की बहन शोभा देवी की तहरीर पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।