मानिकपुर थाना क्षेत्र के काली घाटी के पास बने चेकडैम में मंगलवार की शाम को नहाने गए तीन दोस्तों में एक की डूबने से मौत हो गई। बचे दो दोस्तों से जानकारी मिलने पर पहुंचे परिजन दो घंटे के प्रयास के बाद चेकडैम से किशोर को बाहर निकाल पाए लेकिन तबतक उसकी मौत हो चुकी थी।
सरैंया निवासी प्रधानपति कमल यादव ने बताया कि मानिकपुर सरैंया के बीच बसी काली घाटी के विनयनगर निवासी नरेश कुमार का 13 साल का पुत्र आकाश अपने दो दोस्तों के साथ शाम को चेकडैम में नहा रहा था। इसी बीच तीनों दोस्त चेकडैम में उतरे तो पानी का तेज बहाव होने से बहने लगे। किसी तरह दो दोस्त तो बचे लेकिन आकाश को वह नहीं पकड़ पाए। बाहर आकर दोनों गांव की ओर दौड़कर पहुंचे और मदद की गुहार लगाई। तीसरा दोस्त आकाश पानी में बह चुका था। इसी बीच ग्रामीण व परिजन पहुंचे और चेकडैम में उतरकर आकाश की तलाश की। लगभग दो घंटे बाद आकाश का शव ही बाहर आ सका। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक व्याप्त हो गया। आकाश कक्षा छह का छात्र था।