Chitrakoot News: मानिकपुर में टीजीटी परीक्षा के दौरान फिंगरप्रिंट मिसमैच होने पर एक सॉल्वर को पकड़ा गया है। वह अपने चचेरे भाई की जगह परीक्षा दे रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चित्रकूट जिले की मानिकपुर तहसील के कृषक इंटर कॉलेज भौंरी में आयोजित टीजीटी परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी को पकड़ा गया है। बायोमैट्रिक सत्यापन में उसके फिंगरप्रिंट मेल नहीं खाए, जिससे फर्जीवाड़े का संदेह गहरा गया। शक होने पर जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो पता चला कि विकास नाम के परीक्षार्थी की जगह उसका चचेरा भाई दिलीप परीक्षा दे रहा था।
विज्ञापन
दिलीप फतेहपुर जिले की खागा तहसील क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर बायोमैट्रिक सत्यापन प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान एक परीक्षार्थी के फिंगरप्रिंट में विसंगति पाई गई। मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।